दुर्ग में नदी और नहर में डूबने से दो किशोरों की मौत, एक का शव मिला; दूसरे की तलाश जारी

0

दुर्ग/भिलाई। CG DASTAK

दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नदी और नहर में डूबने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एक घटना में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में नहर में बाइक समेत गिरे युवक का शव बरामद किया गया है। दोनों मामलों में SDRF की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया।

खारून नदी में डूबने से 15 वर्षीय राज गुप्ता की मौत
जानकारी के अनुसार, कुम्हारी थाना क्षेत्र की खारून नदी में डूबे 15 वर्षीय राज गुप्ता का शव शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे बरामद किया गया। राज 22 अक्टूबर को अपने दोस्त निलेश ठाकुर के साथ रायपुर से अकोला गांव के पास खारून नदी गया था। नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए।

मौके पर मौजूद मछुआरों ने निलेश ठाकुर को बचा लिया, लेकिन राज गुप्ता का पता नहीं चल सका। सूचना मिलने के बाद पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। शुक्रवार सुबह दोबारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके बाद राज का शव बरामद हुआ।

मृतक राज गुप्ता रायपुर के गोगांव, सीता नगर का निवासी था। वहीं, बचाए गए किशोर की पहचान निलेश ठाकुर के रूप में हुई है।

तांदुला नहर में बाइक समेत गिरा युवक

दूसरी घटना जामगांव आर थाना क्षेत्र की है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 22 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे गाड़ाडीह के पास गुड़ियारी और कानाकोट के बीच स्थित तांदुला पुल पर एक बाइक अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गई। इसके बाद बाइक सवार युवक बाइक समेत नहर में गिर गया।

घटना की सूचना मिलने पर SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया। शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे दोबारा सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। प्रशिक्षित गोताखोरों ने तेज बहाव के बीच तलाश की और सुबह करीब 8 बजे युवक का शव बरामद कर लिया।
मृतक की पहचान दुर्गेश ठाकुर के रूप में हुई है। वह ग्राम तिलौदा, जिला बालोद का निवासी बताया गया है। इस घटना में जामगांव आर थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।

दोनों घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

नदी और नहर में डूबने की इन दोनों घटनाओं ने जलाशयों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की जरूरत को फिर सामने ला दिया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां घटनाओं से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही हैं।

🌐 CG Dastak: https://www.cgdastak.com

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here