राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचीं, आज रायपुर में कार्यक्रम; कल मां दंतेश्वरी के करेंगी दर्शन

0

रायपुर। CG DASTAK 

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंच गई हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री और सांसद मौजूद रहे।

राष्ट्रपति के दौरे के दौरान रायपुर और बस्तर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे रायपुर में स्मारक सिक्का जारी करने और नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति जगदलपुर में मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी और बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित मुरिया दरबार के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।

आज रायपुर में दो प्रमुख कार्यक्रम

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज दोपहर 12:45 बजे रायपुर स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करने का कार्यक्रम निर्धारित है।

इसके बाद शाम 4 बजे वे रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां राष्ट्रपति सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

कल जगदलपुर में मां दंतेश्वरी के करेंगी दर्शन

राष्ट्रपति दौरे के दूसरे दिन बस्तर प्रवास पर रहेंगी। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11 बजे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी।

इसके बाद दोपहर 12:45 बजे बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित मुरिया दरबार एवं सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान मांझी-चालकी समाज के प्रतिनिधियों के साथ संवाद का कार्यक्रम भी बताया गया है।

मुख्यमंत्री साय ने बताया छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य

राष्ट्रपति के दौरे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह सौभाग्य का विषय है। उन्होंने राष्ट्रपति का स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, राष्ट्रपति स्मारक सिक्के का विमोचन करेंगी और अगले दिन बस्तर प्रवास के दौरान आमसभा को संबोधित करेंगी।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताई बस्तर यात्रा की पृष्ठभूमि

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि पहले छत्तीसगढ़ के आदिवासी प्रतिनिधियों को राष्ट्रपति निवास पर आमंत्रित किया गया था। उनके अनुसार, प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति से बस्तर आने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास और मुरिया दरबार में शामिल होने का निर्णय उसी दौरान लिया गया था। दौरे में मांझी-चालकी समाज के प्रतिनिधियों से संवाद भी शामिल है।

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जताई खुशी

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी राष्ट्रपति के आगमन को छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य का विषय बताया। उन्होंने कहा कि बस्तर में आयोजित कार्यक्रमों में राष्ट्रपति की भागीदारी से प्रदेश के लोगों में खुशी है।

राष्ट्रपति के इस दौरे के दौरान रायपुर के कार्यक्रमों के साथ बस्तर की सांस्कृतिक परंपराओं और जनप्रतिनिधियों से संवाद पर भी ध्यान रहेगा।

छत्तीसगढ़ की ताजा खबरों के लिए पढ़ें CG Dastak।

🌐 https://www.cgdastak.com

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here