
रायगढ़। CG DASTAK
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कोयला लोड कर जा रहे ट्रेलर चालक को चाकू दिखाकर मोबाइल और नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, लूट का मुख्य आरोपी शनि केंवट है। मामले में लूट का मोबाइल खरीदने वाले पांच लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है।
पेट्रोल पंप के पास चालक को रोककर की लूट
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कृष्णवाटिका बोइरदादर निवासी ट्रेलर चालक दीपक कुमार (29) 10 अक्टूबर को झारसुगुड़ा से कोयला लोड कर तमनार जा रहा था। सुबह करीब 5 बजे अमलीभौना स्थित शीला पेट्रोल पंप के पास तीन युवकों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि युवकों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और चालक का मोबाइल तथा 200 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
मोबाइल की सिम से पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंची
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान लूटे गए मोबाइल में दूसरा सिम कार्ड चालू मिला। सिम नंबर की पड़ताल करने पर पता चला कि वह सिंधी कॉलोनी निवासी मोबाइल दुकान संचालक नीरज परियानी (36) के नाम पर पंजीकृत था।
पुलिस पूछताछ में नीरज ने बताया कि उसकी दुकान में काम करने वाले भुवन निषाद (24), निवासी सोनुमुड़ा नया पारा, ने मोबाइल बेचने के लिए दिया था। इसके बाद पुलिस ने भुवन को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
मोबाइल खरीद-बिक्री की कड़ी से खुला मामला
पुलिस के अनुसार, भुवन ने बताया कि उसने मोबाइल रोहित दुलैवाले (30) से खरीदा था। रोहित ने मोबाइल संजय कुमार सिंह (18), निवासी बाजीराव पारा, से खरीदने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने संजय से पूछताछ की। संजय ने मोबाइल आकाश डेविड (20), निवासी कबीर चौक, से खरीदने की जानकारी दी। आकाश ने बताया कि उसने मोबाइल शनि केंवट (19) से खरीदा था।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शनि ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इस तरह मोबाइल की खरीद-बिक्री की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंची।
3 हजार रुपये में बेचा गया था मोबाइल
पुलिस के अनुसार, शनि ने लूटे गए पोको कंपनी के मोबाइल को आकाश डेविड के पास 3,000 रुपये में बेचा था। पुलिस ने पीड़ित दीपक कुमार से कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष शनि की शिनाख्त भी कराई और लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया।
मामले में मोबाइल खरीदने वालों नीरज परियानी, भुवन निषाद, रोहित दुलैवाले, संजय कुमार सिंह और आकाश डेविड के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) भी जोड़ी।
छह आरोपी गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने लूट के मुख्य आरोपी शनि केंवट समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों को रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि चोरी या लूट की संपत्ति खरीदने वाले लोग भी कानूनी कार्रवाई से नहीं बच सकते। कम कीमत के लालच में संदिग्ध सामान खरीदना भारी पड़ सकता है।
रायगढ़ और छत्तीसगढ़ की ताजा खबरों के लिए पढ़ें CG Dastak।
🌐 https://www.cgdastak.com









