रायपुर में 13 अक्टूबर को कार्टून फेस्टिवल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे उद्घाटन

0

रायपुर। CG DASTAK 

रायपुर। राजधानी रायपुर में 13 अक्टूबर को वार्षिक कार्टून फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। देश की कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ के 31वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर होने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने और सांकेतिक कार्टून बनाकर कार्यक्रम का उद्घाटन करने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी शामिल होंगे और इसकी अध्यक्षता करेंगे।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम एक निजी होटल में आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से कार्टूनिस्ट और पत्रकार हिस्सा लेंगे। आयोजन के माध्यम से कार्टून कला, पत्रकारिता और व्यंग्य की भूमिका पर चर्चा होगी।

जयपुर के कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

इस वर्ष कार्टून वॉच का लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड जयपुर के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को प्रदान किया जाएगा। पत्रिका के संपादक त्रयंबक शर्मा के मुताबिक, इससे पहले कार्टून कला के क्षेत्र में योगदान देने वाली कई प्रमुख हस्तियों को यह सम्मान दिया जा चुका है।

इनमें बालासाहेब ठाकरे, आर.के. लक्ष्मण, सुधीर तैलंग, आबिद सुरती, प्राण, काक और अजीत नैनन जैसे नाम शामिल हैं।

देशभर के कार्टूनिस्ट होंगे शामिल

आयोजकों के अनुसार, रायपुर में हर साल आयोजित होने वाला यह कार्टून फेस्टिवल देश के विभिन्न राज्यों के कार्टूनिस्टों को एक मंच प्रदान करता है। इसमें कार्टूनिस्ट और पत्रकार अपने अनुभव साझा करेंगे तथा कार्टून कला और पत्रकारिता की यात्रा पर चर्चा करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान व्यंग्य के माध्यम से सामाजिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े विषयों को सामने लाने में कार्टून की भूमिका पर भी विचार-विमर्श होगा।

प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पर आधारित कैरिकेचर बुक का विमोचन

कार्टून वॉच के संपादक त्रयंबक शर्मा ने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अखिल भारतीय कैरिकेचर प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें देशभर के कार्टूनिस्टों ने प्रधानमंत्री के कैरिकेचर बनाकर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

फेस्टिवल के अवसर पर इन कैरिकेचर पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा।

कार्टून कला और पत्रकारिता को मिलेगा साझा मंच

कार्टून फेस्टिवल का उद्देश्य कार्टून कला को प्रोत्साहित करना और व्यंग्य के माध्यम से सामाजिक तथा सार्वजनिक जीवन के विभिन्न पहलुओं को सामने लाना है। आयोजन के जरिए अलग-अलग राज्यों के कार्टूनिस्टों और पत्रकारों को संवाद तथा अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन में राज्य सरकार और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल का सहयोग रहता है।

CG Dastak — हर खबर, सीधा सच!

🌐 वेबसाइट: https://www.cgdastak.com

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here