
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय, रायपुर के रसायन शास्त्र विभाग की विभागीय रसायन परिषद के तत्वावधान में एमएससी केमिस्ट्री के विद्यार्थियों हेतु विभागीय रसायन परिषद के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह तथा ओजोन दिवस के उपलक्ष्य में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
विभागाध्यक्ष डॉ. गोवर्धन व्यास ने बताया कि गत सप्ताह विभागीय रसायन परिषद का गठन किया गया था। परिषद में अध्यक्ष सौम्या त्रिपाठी, उपाध्यक्ष प्रिया यादव, सचिव दुष्यंत वर्मा एवं संयुक्त सचिव कोमल साहू को दायित्व सौंपा गया है। परिषद के सदस्यों के रूप में विकास साहू, सूर्य प्रकाश कुर्रे, संजना मनहरे, चंचल यादव, स्नेहा बगेल, रवि सिंह, अंजना साहू, इन्मेंद्र साव, प्रतीक्षा साहू एवं आकाश साहू को शामिल किया गया है।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजलि भटनागर की उपस्थिति में परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे परिषद के माध्यम से स्वयं एवं अन्य विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य, शैक्षणिक विकास, नवाचार तथा विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय योगदान देंगे।

प्राचार्य डॉ. अंजलि भटनागर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ऐसी शैक्षणिक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान का उद्देश्य केवल किताबों तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि उसे व्यवहार में लाना, नवीन विचारों को विकसित करना तथा समाज एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और जिज्ञासु बने रहने के लिए प्रेरित किया।

ओजोन दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में एमएससी केमिस्ट्री के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में कुल चार राउंड रखे गए, जिनमें विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर विभिन्न प्रकार के प्रश्नों के उत्तर देने थे। प्रश्नोत्तरी में ओजोन परत, ओजोन क्षरण, पर्यावरण संरक्षण तथा रसायन विज्ञान से संबंधित प्रश्न शामिल किए गए। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के विषयगत ज्ञान, वैज्ञानिक समझ, स्मरण शक्ति, तार्किक सोच एवं त्वरित उत्तर देने की क्षमता का परीक्षण किया गया।
क्विज प्रतियोगिता का संचालन डॉ. यामिनी ठाकुर एवं डॉ. भारती मनीष पारधी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के परिणाम में प्रथम स्थान पर श्रीध्दी ठाकुर, कल्पना वर्मा एवं मोनिका साहू की टीम रही, जो एमएससी केमिस्ट्री तृतीय सेमेस्टर की विद्यार्थी हैं।
द्वितीय स्थान पर दो टीमों ने स्थान प्राप्त किया। पहली टीम में सौम्या त्रिपाठी, प्रिया यादव एवं संजना मनहरे तथा दूसरी टीम में इन्मेंद्र साव, प्रतीक्षा साहू एवं अंजना साहू शामिल रहे।
तृतीय स्थान पर विकास साहू, आकाश साहू एवं धीरज निर्मलकर की टीम रही। विजेता विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में डॉ. अनुराधा चैधरी, डॉ. विभा त्रिपाठी, डॉ. रेखा सोनी एवं डॉ. निशा छेत्री सहित रसायन शास्त्र विभाग के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। विभागीय रसायन परिषद की प्रभारी डॉ. यामिनी ठाकुर ने कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रसायन विज्ञान के प्रति रुचि, नवाचार, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना था। इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं प्रतिभा का व्यावहारिक उपयोग करने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करती हैं।










