रायपुर: प्लाईवुड फैक्ट्री की आड़ में बन रहा था कथित नकली पनीर! ओडिशा जा रही 650 किलो की खेप पकड़ी

0

रायपुर। राजधानी रायपुर के बीरगांव में प्लाईवुड फैक्ट्री की आड़ में कथित तौर पर नकली पनीर यानी एनालॉग तैयार किए जाने का मामला सामने आया है। फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए ओडिशा भेजी जा रही 650 किलो पनीर की खेप से भरी पिकअप को जोरा मॉल के पास पकड़ा है।

प्लाईवुड फैक्ट्री में तैयार हो रहा था पनीर

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बीरगांव में पंछी डोर्स एंड प्लाईवुड फैक्ट्री संचालित है। विभाग को सूचना मिली थी कि इसी फैक्ट्री के भीतर अंशु बंसल द्वारा सांवरिया सेठ मिल्क एंड प्रोडक्ट के नाम से पनीर तैयार किया जा रहा था। अब विभाग फैक्ट्री में पनीर निर्माण की प्रक्रिया और इससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रहा है।

ओडिशा भेजी जा रही थी 650 किलो की खेप

बताया गया कि मंगलवार शाम करीब 7 बजे फैक्ट्री से तैयार 650 किलो पनीर पिकअप वाहन में लोड कर ओडिशा भेजा जा रहा था। फैक्ट्री से खेप निकलने के बाद मुखबिर की सूचना पर फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम ने कार्रवाई की।

जोरा मॉल के पास पकड़ी गई पिकअप

टीम ने जोरा मॉल के पास पिकअप वाहन को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन में 650 किलो पनीर मिला। अधिकारियों ने ड्राइवर से पनीर से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

सैंपल जांच के लिए लैब भेजा

फूड एंड सेफ्टी विभाग ने जब्त पनीर के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पनीर की वास्तविक गुणवत्ता और स्वरूप को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल विभाग फैक्ट्री में पनीर निर्माण और उसकी सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here