जैतपुरी के खेत में दिखा तेंदुआ, डायल 112 की टीम ने संभाला मोर्चा; वन विभाग को दी सूचना

0

कबीरधाम। CG DASTAK 

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कोतवाली पैंथर-01 टीम, सुरक्षित रेस्क्यू के लिए रायपुर से बुलाई गई विशेषज्ञ टीम

कबीरधाम। जिले के ग्राम जैतपुरी में खेत में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से इलाके में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की कोतवाली पैंथर-01 टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और वन विभाग की रेस्क्यू टीम को इसकी जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक डायल 112 की टीम को सी-4 रायपुर के माध्यम से सूचना मिली थी कि जैतपुरी गांव के खेत में तेंदुआ दिखाई दिया है। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग किया।

वन विभाग की टीम को दी गई सूचना

मौके पर पहुंचने के बाद डायल 112 की टीम ने घटना की जानकारी वन विभाग को दी। इस दौरान जिला वन मंडल अधिकारी कबीरधाम निखिल अग्रवाल स्वयं मौके पर मौजूद रहे और वन विभाग की रेस्क्यू टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

तेंदुए को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने के लिए रायपुर से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम बुलाने की व्यवस्था की गई।

रेस्क्यू टीम आने तक मौके पर डटी रही पुलिस

रायपुर से रेस्क्यू टीम के पहुंचने तक डायल 112 की कोतवाली पैंथर-01 टीम मौके पर मौजूद रही और आवश्यक सहयोग प्रदान किया। इसके बाद कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा, भोरमदेव थाना प्रभारी निरीक्षक लालमन साव और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची।

पुलिस अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद डायल 112 टीम ने घटनाक्रम की जानकारी उन्हें सौंप दी और अपने निर्धारित पॉइंट के लिए रवाना हो गई।

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

कबीरधाम पुलिस ने ग्रामीणों और आसपास के लोगों से अपील की है कि वन्यजीव दिखाई देने पर घबराएं नहीं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। तेंदुए या किसी अन्य वन्यजीव को देखने, पकड़ने या उसके नजदीक जाने की कोशिश न करें।

पुलिस ने कहा कि ऐसी स्थिति में तत्काल डायल 112 या वन विभाग को सूचना दें। लोगों की सतर्कता से न केवल स्वयं और आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी, बल्कि वन्यजीव को भी सुरक्षित रखने में सहायता होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here