
बिलासपुर। CG DASTAK
बिलासपुर। जन्माष्टमी के मौके पर चाकू लहराते हुए डांस कर रील बनाना दो युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सकरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो धारदार चाकू भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर को इंस्टाग्राम के एक डिजिटल मीडिया पेज पर दो युवकों का चाकू लहराते हुए डांस करने का वीडियो सामने आया था। वीडियो में दोनों युवक हाथों में धारदार चाकू लेकर उसे लहराते हुए रील बनाते नजर आ रहे थे। वीडियो के बैकग्राउंड में पुलिस को चुनौती देने वाला ऑडियो भी सुनाई दे रहा था।
वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने शुरू की तलाश
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिलासपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान शुरू की।

जांच के दौरान दोनों की पहचान सुनील पाल उर्फ बुट्टी (20), निवासी बजरंग मोहल्ला सकरी और ओम प्रकाश साकार उर्फ बिट्टू (20), निवासी बंधवापारा सकरी के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने दोनों युवकों की तलाश कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चाकू लहराते हुए वीडियो बनाने की बात स्वीकार की।
दोनों के पास से 2 धारदार चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

TI उमेश साहू ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।









