बिलासपुर में हिंसक झड़प के बाद सिटी कोतवाली क्षेत्र में धारा 144 लागू, हथियार और भीड़ जुटाने पर रोक

0

बिलासपुर। CG DASTAK 

बिलासपुर। शुक्रवार रात सोशल मीडिया पर विवादित कमेंट को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी है। प्रशासन के आदेश के बाद क्षेत्र में सार्वजनिक गतिविधियों को लेकर कई प्रतिबंध लागू किए गए हैं।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध

जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार सिटी कोतवाली क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर तलवार, चाकू, लाठी, भाला सहित अन्य हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा।

हालांकि शासकीय ड्यूटी पर तैनात कर्मियों, लाठी के सहारे चलने वाले वृद्ध एवं दिव्यांग व्यक्तियों तथा धार्मिक परंपरा के तहत कृपाण रखने वालों को निर्धारित छूट दी गई है।

बिना अनुमति सभा और जुलूस पर रोक

आदेश के तहत बिना अनुमति सभा, रैली, जुलूस, धरना, प्रदर्शन और हड़ताल आयोजित करने पर भी प्रतिबंध रहेगा। किसी स्थान पर 4 से अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगाई गई है।

हालांकि परिवार के सदस्यों के सामान्य आवागमन पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। किसी आयोजन के लिए संबंधित एसडीएम से अनुमति लेना अनिवार्य रहेगा।

तोड़फोड़ और सड़क जाम पर भी सख्ती

प्रशासन ने सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, तोड़फोड़ करने, सड़क जाम करने और लोगों में दहशत फैलाने जैसी गतिविधियों पर भी रोक लगाई है।

आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ BNS की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Instagram कमेंट से शुरू हुआ था विवाद

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर एक पोस्ट में किए गए विवादित कमेंट को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी की भी जानकारी सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा

हालात को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

वहीं विधायक सुशांत शुक्ला और स्थानीय नागरिक भी थाने पहुंचे। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने बैठक कर युवाओं को समझाइश दी और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

संपादकीय नोट: धारा 144 लागू किए जाने और प्रतिबंधों से संबंधित जानकारी जिला प्रशासन के आदेश के आधार पर है। विवाद में शामिल किसी पक्ष को जांच पूरी होने से पहले दोषी नहीं माना जाना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here