कोरबा की बेटी की संदिग्ध मौत के बाद उबाल, परिजनों ने लगाया दुष्कर्म और हत्या का आरोप, शव रखकर सड़क जाम

0
138

कोरबा, 25 जून 2025 – कोरबा जिले की बेटी पुष्पांजलि की मध्यप्रदेश के सिंगरौली में हुई मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। परिजनों का आरोप है कि पुष्पांजलि के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है, लेकिन सिंगरौली पुलिस इस मामले में गंभीर धाराएं दर्ज करने से कतरा रही है। इससे आक्रोशित परिजनों ने बुधवार को शव को लेकर हरदीबाजार के आमगांव चौक पर सड़क जाम कर दिया।

क्या है पूरा मामला?

हरदीबाजार क्षेत्र निवासी उमेद दास की बेटी पुष्पांजलि अपनी मां के साथ रहती थी। पिता के निधन के बाद मां को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। घटना के समय पुष्पांजलि घर पर अकेली थी। उसकी बड़ी बहन, जो भोपाल में पढ़ाई करती है, सिंगरौली में पुष्पांजलि के साथ रहने आई थी। कुछ दिन के लिए बाहर गई बहन जब वापस लौटी, तो उसे घर में पुष्पांजलि की नग्न हालत में लाश मिली। शव पर खासतौर से गुप्तांगों में चोट के गहरे निशान मिले, जिससे परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताई।

पुलिस पर गंभीर आरोप

परिजनों का आरोप है कि मोरवा थाने में उन्होंने स्पष्ट तौर पर हत्या और दुष्कर्म का मामला दर्ज करने की मांग की, लेकिन पुलिस ने केवल हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया। साथ ही आरोप लगाया गया कि पुलिस ने उन्हें थाने से भगा दिया और संवेदनहीन व्यवहार किया।

शव रखकर सड़क जाम

इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने जब शव को कोरबा लाया, तो आमगांव चौक पर लाश को रखकर सड़क जाम कर दिया। उनकी मांग है कि सिंगरौली पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की जाए और इस मामले की निष्पक्ष जांच हो। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं।

क्या बोले अधिकारी?

फिलहाल कोरबा पुलिस प्रशासन का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है और मध्यप्रदेश पुलिस को भी मामले की जांच को निष्पक्ष करने हेतु आवश्यक पत्राचार किया जा रहा है। वहीं, परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की जिद पर अड़े हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here