रायपुर में चाय-नाश्ते की आड़ में गांजा-शराब का धंधा, पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में दुकान पर चला बुलडोजर

0
86

📍 रायपुर | CG Dastak

रायपुर जिले के उरला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेंद्री से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चाय-नाश्ते की दुकान की आड़ में अवैध रूप से गांजा और शराब बेची जा रही थी। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में न केवल आरोपी को गिरफ्तार किया गया बल्कि अतिक्रमण कर बनाए गए दुकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त भी कर दिया गया।

आरोपी के पास से गांजा और अंग्रेजी शराब बरामद

उरला पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम बेंद्री में युवराज निषाद नामक व्यक्ति एक चाय-नाश्ते की दुकान की आड़ में गांजा और अंग्रेजी शराब की बिक्री कर रहा है। पुलिस ने तत्काल रेड कर आरोपी के कब्जे से 21 पुड़िया (कुल 65 ग्राम) गांजा और 50 पव्वा अंग्रेजी शराब (गोवा ब्रांड) बरामद किए।

अतिक्रमण कर बनाई थी दुकान

जांच में पता चला कि आरोपी ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध रूप से दुकान का निर्माण किया था, जहां नशे का यह गैरकानूनी कारोबार संचालित हो रहा था। जिला प्रशासन की टीम और थाना उरला पुलिस ने मौके पर बुलडोजर बुलवाकर पूरी दुकान को जमींदोज कर दिया।

https://youtu.be/c65udZLnPMA?si=QVNtkqMy5IhSSKCO

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

आरोपी युवराज निषाद (उम्र 19 वर्ष, निवासी बेंद्री) के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(ए) और छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

👮 प्रशासन का सख्त संदेश

इस कार्रवाई ने न केवल स्थानीय लोगों को चौकन्ना किया है, बल्कि यह भी संकेत दिया है कि प्रशासन अब अवैध गतिविधियों और अतिक्रमण के मामलों में सख्त कदम उठाने के मूड में है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here