
भारत माता चौक से निकली रैली, जवानों को तिलक, राखी और मातृभूमि की मिट्टी भेजने का लिया संकल्प

बेमेतरा। CG DASTAK
देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से बेमेतरा में ‘तिरंगा सिपाही और मेरा देश’ थीम पर विशेष अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत बहनों, छात्राओं और महिलाओं ने सीमा पर तैनात जवानों के लिए राखियां, तिलक, मातृभूमि की मिट्टी और शुभकामना संदेश भेजे।
अभियान की शुरुआत भारत माता चौक पर पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। इसके बाद भारत माता चौक से जय स्तंभ चौक तक रैली निकाली गई। रैली में प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, स्काउट-गाइड, एनसीसी, एनएसएस, महिला मोर्चा की पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, छात्राएं और बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
जवानों को समर्पित की राखियां और मातृभूमि की मिट्टी
जय स्तंभ चौक पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बहनों ने रक्षा सूत्र, तिलक, संकल्प पत्र और बेमेतरा की मिट्टी विशेष लिफाफों में रखकर जवानों को समर्पित की। महिलाओं और छात्राओं ने सैनिकों के साहस, त्याग और राष्ट्र सेवा के सम्मान में पत्र भी लिखे।

आयोजकों के मुताबिक, राखियों के साथ भेजी गई मातृभूमि की मिट्टी को देशप्रेम और भारतीय संस्कृति का प्रतीक बताया गया।
‘रक्षा सूत्र रथ’ के जरिए दिल्ली पहुंचेगी राखी
पूर्व सैनिक महासभा के महेंद्र प्रताप सिंह राणा ने बताया कि यह अभियान हर साल छत्तीसगढ़ में आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी प्रदेश के विभिन्न जिलों से बहनों द्वारा भेजी गई राखियां और संदेश ‘रक्षा सूत्र रथ’ के जरिए दिल्ली पहुंचाए जाएंगे।

इसके बाद इन राखियों और संदेशों को भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों तक पहुंचाया जाएगा।
31 लाख रक्षा सूत्र भेजने का लक्ष्य
आयोजकों के अनुसार, ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र’ अभियान वर्ष 2023 से लगातार चलाया जा रहा है। अब तक करीब 27 लाख 92 हजार सैनिकों तक छत्तीसगढ़ की पवित्र मिट्टी से तिलक और रक्षा सूत्र पहुंचाए जा चुके हैं।
वर्ष 2026 में 31 लाख रक्षा सूत्र भारतीय सेना के तीनों अंगों और सीमा सुरक्षा बल के जवानों को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है।
बेमेतरा में आयोजित यह अभियान केवल राखियां भेजने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिलाओं और छात्राओं ने जवानों तक मातृभूमि का स्नेह, सम्मान और विश्वास पहुंचाने का संदेश भी दिया।










