सोशल मीडिया पर माता सीता और संतों पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट का मामला: बजरंग दल का प्रदर्शन, FIR की मांग

0

रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचे कार्यकर्ता, 24 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी; पुलिस ने जांच शुरू की

रायपुर। CG DASTAK 

राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर माता सीता और हिंदू साधु-संतों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

बजरंग दल के पदाधिकारियों का आरोप है कि इंस्टाग्राम आईडी “_wasim_ahmed_1” से माता सीता और हिंदू साधु-संतों के संबंध में कथित आपत्तिजनक पोस्ट की गई, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने दावा किया कि यह अकाउंट रायपुर के राजा तालाब क्षेत्र निवासी एक युवक का है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस अकाउंट की पुष्टि नहीं की है।

कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई। बजरंग दल ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन अपने स्तर पर आंदोलन तेज करेगा।

छत्तीसगढ़ बजरंग दल के प्रांत सह-संयोजक विजेंद्र वर्मा ने कहा कि हिंदू धर्म और देवी-देवताओं के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियां स्वीकार्य नहीं हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं, पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट, इंस्टाग्राम अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here