
WRS कॉलोनी के पास मिली 20-25 वर्षीय अज्ञात युवती की लाश, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी में मंगलवार को एक 20 से 25 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती के गले में रस्सी का फंदा कसा हुआ था, जबकि उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा मिला। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध होने के कारण पुलिस हत्या की आशंका के एंगल से भी जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर बारीकी से जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण और समय स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

युवती की पहचान में जुटी पुलिस
अब तक मृत युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। साथ ही WRS कॉलोनी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि युवती की पहचान और घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










