
कार्टून वॉच एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला में 10 स्कूलों के 120 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, विशेषज्ञ कार्टूनिस्टों ने दिए रचनात्मकता के गुर।

जगदलपुर। CG DASTAK
बस्तर की रचनात्मक प्रतिभाओं को नई पहचान देने और कार्टून कला के माध्यम से युवाओं की अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कार्टून वॉच एवं जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त तत्वावधान में ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज का सशक्त दर्पण और अभिव्यक्ति का प्रभावी माध्यम है। कार्टून समाज की विसंगतियों को सहज और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने की कला है, जो लोगों को सोचने के लिए प्रेरित करती है।
कार्यशाला में जगदलपुर के 10 विभिन्न स्कूलों के 120 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अनुभवी कार्टूनिस्टों से कार्टून निर्माण की तकनीक, रेखांकन, व्यंग्य और समसामयिक विषयों को चित्रों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की बारीकियां सीखीं। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में सीखने का उत्साह और रचनात्मक ऊर्जा देखने को मिली।
मुख्य अतिथि केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर की युवा प्रतिभाओं में अपार क्षमता है। उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति को विकसित करने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी संवेदनशीलता भी बढ़ाती हैं।
कार्टून वॉच के संपादक एवं आयोजन से जुड़े वरिष्ठ कार्टूनिस्टों ने विद्यार्थियों के बनाए कार्टूनों का अवलोकन कर उन्हें आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि एक अच्छा कार्टून कम शब्दों में गहरी बात कहने की क्षमता रखता है और समाज में सकारात्मक बदलाव का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
आयोजकों ने बताया कि ‘मुस्कुराता बस्तर’ का उद्देश्य बस्तर की नई पीढ़ी में कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना है। इस पहल के माध्यम से बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
कार्यक्रम में कार्टून वॉच के संपादक, आमंत्रित वरिष्ठ कार्टूनिस्टों, जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों तथा गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।










