चलती कार की सनरूफ से स्टंटबाजी, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने चालक को दबोचा

0

रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर दो युवतियां सनरूफ से बाहर निकलकर करती रहीं स्टंट, पुलिस ने कार जब्त कर चालक पर दर्ज किया केस

बिलासपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर चलती कार में खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। मामले में कार चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और यातायात नियमों के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की है। शनिवार तड़के करीब 4 से 4:30 बजे एक तेज रफ्तार कार हाईवे पर लहराते हुए दौड़ रही थी। इसी दौरान कार की सनरूफ से दो युवतियां बाहर निकलकर डांस और स्टंट करती नजर आईं। पीछे चल रहे एक राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान प्रशांत जायसवाल (21), निवासी पुराना बस स्टैंड, बिलासपुर के रूप में की। पूछताछ में उसने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार को जब्त कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार लापरवाही से वाहन चलाना और सार्वजनिक सड़क पर स्टंट करना गंभीर अपराध है, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है।

वहीं, कार की सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करने वाली युवतियों पर फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस का कहना है कि उन्हें समझाइश देकर छोड़ दिया गया है। हालांकि इस निर्णय को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल भी उठ रहे हैं।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन न करें। ऐसे मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here