
दुर्ग। CG DASTAK
दुर्ग जिला अस्पताल की मदर-चाइल्ड यूनिट (एमसीएच) का ऑपरेशन थिएटर पिछले तीन दिनों से बंद है। ऑपरेशन थिएटर में बड़ी संख्या में चींटियां दिखाई देने के बाद संक्रमण की आशंका को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने एहतियातन इसे बंद करने का फैसला लिया। इससे सीजेरियन डिलीवरी समेत कई नियोजित सर्जरी प्रभावित हुई हैं।

जानकारी के अनुसार, एमसीएच यूनिट के ऑपरेशन थिएटर में अचानक चींटियों का जमावड़ा दिखाई दिया। ऑपरेशन थिएटर जैसे संवेदनशील स्थान पर चींटियों की मौजूदगी से संक्रमण का खतरा बढ़ने की आशंका के चलते अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल ओटी बंद कर दिया।

शुरुआत में सीजेरियन डिलीवरी को दूसरे ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट किया गया। बाद में विभागाध्यक्ष की सलाह पर सभी सीजेरियन ऑपरेशन मेजर ऑपरेशन थिएटर में कराए जाने लगे। फिलहाल सामान्य और पूर्व निर्धारित कई सर्जरी स्थगित करनी पड़ी हैं, जबकि केवल आपातकालीन ऑपरेशन किए जा रहे हैं।
रोजाना 10 से 12 ऑपरेशन हो रहे
सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने बताया कि दो ऑपरेशन थिएटर बंद होने से काम का दबाव जरूर बढ़ा है, लेकिन अस्पताल में रोजाना 10 से 12 ऑपरेशन किए जा रहे हैं। सीजेरियन डिलीवरी, हड्डी रोग, सामान्य सर्जरी, ईएनटी सहित आवश्यक ऑपरेशन जारी हैं और किसी भी मरीज को इलाज के लिए रेफर नहीं किया गया है।

फ्यूमिगेशन और मरम्मत का काम शुरू
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, ऑपरेशन थिएटर को पूरी तरह संक्रमण मुक्त बनाने के लिए फ्यूमिगेशन, पेस्ट कंट्रोल और आवश्यक मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। कल्चर रिपोर्ट सामान्य आने और संक्रमण का खतरा पूरी तरह खत्म होने के बाद ही ऑपरेशन थिएटर को दोबारा शुरू किया जाएगा।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी कारण यह निर्णय लिया गया है।










