संसद में जोरदार हंगामा: छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और NEET मुद्दे पर विपक्ष का प्रदर्शन, लोकसभा 2 बजे तक स्थगित

0

नई दिल्ली। CG DASTAK 

संसद के मानसून सत्र में गुरुवार को छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और NEET पेपर लीक के मुद्दे पर जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्ष के लगातार विरोध के चलते लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

विपक्ष ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग की। वहीं, संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी शामिल रहीं।

पीएम मोदी की अध्यक्षता में अहम बैठक

इधर, संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और किरण रिजिजू मौजूद रहे। बैठक में मौजूदा राजनीतिक और संसदीय रणनीति पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

राज्यसभा में भी हंगामा, विपक्ष का वॉकआउट

राज्यसभा में भी NEET पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष ने जमकर नारेबाजी की। हंगामे के बीच विपक्षी सांसद सदन से वॉकआउट कर गए।

दोपहर 2 बजे राज्यसभा में पब्लिक एग्जामिनेशन (अनफेयर मीन्स की रोकथाम) संशोधन विधेयक-2026 पेश किया जाएगा, जिस पर लगभग 7 घंटे चर्चा होने की संभावना है। वहीं लोकसभा में सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन बिल-2026 पर चर्चा प्रस्तावित है।

कांग्रेस ने उठाए सवाल

कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि दिल्ली में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का आदेश किसने दिया और गृह मंत्री अमित शाह को संसद में आकर इसका जवाब देना चाहिए।

पहले ही लोकसभा से पास हो चुका है पेपर लीक बिल

बुधवार को लोकसभा ने करीब सात घंटे की चर्चा के बाद पेपर लीक रोकथाम संशोधन विधेयक पारित किया था। सरकार ने इसे परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सख्ती की दिशा में बड़ा कदम बताया, जबकि विपक्ष का कहना है कि केवल सजा बढ़ाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार भी जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here