सरायपाली में चिल्लर और छोटे नोटों की समस्या को लेकर किराना एवं एजेंसी व्यापारी संघ ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

0

सरायपाली । नगर के व्यापारियों के सामने लंबे समय से बनी हुई चिल्लर, छोटे नोटों एवं सिक्कों की कमी की समस्या को लेकर आज किराना एवं एजेंसी व्यापारी संघ, सरायपाली ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।

संघ के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष नीरज बंसल, सचिव राजेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य पवन अग्रवाल, नूर मोहम्मद, राजकुमार साहू, अजय अग्रवाल, देवेंद्र अग्रवाल एवं मयंक अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।

ज्ञापन में बताया गया कि सरायपाली बाजार में चिल्लर, ₹10 एवं ₹20 के छोटे नोट तथा सिक्कों की लगातार कमी बनी हुई है। इस कारण व्यापारियों को प्रतिदिन ग्राहकों के साथ लेन-देन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार ग्राहकों और व्यापारियों के बीच विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है, जिससे बाजार का वातावरण प्रभावित होता है।

संघ के सचिव राजेश अग्रवाल ने बताया कि व्यापारी मजबूरी में कटे-फटे नोटों से भी लेन-देन करने को विवश हैं। जब व्यापारी विभिन्न बैंकों में चिल्लर या छोटे नोट लेने जाते हैं, तो अधिकांश स्थानों पर उन्हें यह कहकर लौटा दिया जाता है कि बैंक में चिल्लर उपलब्ध नहीं है।

उन्होंने सुझाव दिया कि यदि बैंक नियमित रूप से किराना एवं एजेंसी व्यापारी संघ को पर्याप्त मात्रा में चिल्लर, ₹10 एवं ₹20 के नोट तथा सिक्के उपलब्ध कराएं, तो संघ अपने स्तर पर व्यवस्थित रूप से बाजार के व्यापारियों के बीच उनका वितरण कर सकता है। इससे व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को राहत मिलेगी।

संघ के अध्यक्ष नीरज बंसल ने कहा कि यह समस्या केवल व्यापारियों की नहीं, बल्कि आम जनता की भी है। उन्होंने बताया कि संघ जल्द ही क्षेत्र के सभी बैंक अधिकारियों से संपर्क करेगा तथा उन्हें भी ज्ञापन सौंपकर इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग करेगा।

वहीं, एसडीएम महोदय ने व्यापारी संघ की मांग को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों एवं बैंक अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।

व्यापारी संघ ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार में छोटे नोटों और सिक्कों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि व्यापार सुचारु रूप से संचालित हो सके और ग्राहकों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here