
बिलासपुर। CG DASTAK
डबल मर्डर केस में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था बंदी राहुल उर्फ विकेश कंवर, घटना के बाद जेल प्रशासन में मचा हड़कंप; जांच शुरू।

खबर:
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की बिलासपुर सेंट्रल जेल में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। डबल मर्डर मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक बंदी ने कथित तौर पर जेल परिसर स्थित गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राहुल उर्फ विकेश कंवर (46) निवासी बम्हनीडीह, जिला चांपा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से जेल में बंद था और डबल मर्डर मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।

जानकारी के मुताबिक जेल परिसर में स्थित गैसीफायर प्लांट में लकड़ियों से गैस तैयार की जाती है, जिसका उपयोग जेल की रसोई में भोजन पकाने के लिए किया जाता है। घटना के समय प्लांट की भट्ठी चालू थी। इसी दौरान बंदी वहां पहुंचा और कथित तौर पर जलती भट्ठी में कूद गया। जब तक जेल कर्मचारी उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जेल अधिकारियों से जानकारी ली। कलेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।

गौरतलब है कि बिलासपुर सेंट्रल जेल पिछले कुछ समय से लगातार विभिन्न घटनाओं को लेकर चर्चा में रही है। बीते एक महीने में जेल के भीतर बंदियों की मौत के कई मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले जेल के अंदर हत्या, संदिग्ध मौत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। ताजा घटना के बाद एक बार फिर जेल प्रशासन और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो गए हैं।










