
- एक साल से अधिक समय से था प्रेम संबंध, शिकायत के बाद युवक ने दी जान; दो दिन बाद प्रेमी की मौत की खबर मिलते ही युवती ने भी कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
जांजगीर-चांपा। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के धाराशिव गांव में प्रेमी-प्रेमिका की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पहले एक युवक का शव खेत में पेड़ से लटका मिला और दो दिन बाद उसकी मौत की जानकारी मिलने पर युवती ने भी कथित तौर पर उसी पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
एक साल से अधिक समय से था प्रेम संबंध
प्रारंभिक जांच के अनुसार, विष्णुकांत पुरी (40) और लीलाबाई सूर्यवंशी (27) के बीच पिछले एक वर्ष से अधिक समय से प्रेम संबंध था। पुलिस के मुताबिक, विष्णुकांत शादीशुदा था और उसके चार बच्चे हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों के संबंधों को लेकर अक्सर विवाद होता था। जानकारी के अनुसार, युवती कई बार युवक के घर भी गई थी, जहां उसकी पत्नी के साथ विवाद की घटनाएं भी हुई थीं।
शिकायत के बाद लापता हुआ युवक
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को युवती ने युवक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद जब पुलिस युवक के घर पहुंची, तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद उसका शव खेत में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। पुलिस का कहना है कि शव मिलने तक वह काफी हद तक सड़-गल चुका था।
प्रेमी की मौत की खबर के बाद युवती ने भी उठाया कदम
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को जब लीलाबाई को विष्णुकांत की मौत की जानकारी मिली, तो वह उसी खेत में पहुंची और कथित तौर पर उसी पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलने पर पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।











