
- रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना के सामने कांग्रेस का करीब 18 घंटे तक चला धरना प्रदर्शन शुक्रवार सुबह समाप्त हो गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठक में उनकी प्रमुख मांगों पर सहमति बनी है। पुलिस ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर FIR दर्ज करने का लिखित आश्वासन दिया है।

कांग्रेस का आरोप था कि भाजपा-कांग्रेस विवाद के बाद कांग्रेस के 12 नेताओं और कई कार्यकर्ताओं पर गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया, जबकि भाजपा पक्ष के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। इसी के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार शाम से खम्हारडीह थाने के सामने धरना शुरू किया था।
बैठक में बनी सहमति
शुक्रवार सुबह पुलिस अधिकारियों और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक हुई। बैठक में मध्य जोन DCP तारकेश्वर पटेल, नॉर्थ जोन DCP दीपमाला कश्यप, ADCP आदित्य पांडे और ACP पूर्णिमा लांबा मौजूद रहीं। कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, जरिता लैतफलांग, मलकीत सिंह गैंदू, सुशील आनंद शुक्ला, सत्यनारायण शर्मा और कुलदीप जुनेजा सहित अन्य नेता शामिल हुए।

बैठक के बाद दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगाई गई गैर-जमानती धाराओं की जांच की जाएगी और राहत देने पर विचार होगा। साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर FIR दर्ज करने का आश्वासन मिला है। इसके बाद धरना समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
दीपक बैज का बयान
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस चुप बैठने वाली नहीं है और भाजपा सरकार की कार्रवाई का कानूनी व राजनीतिक स्तर पर जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी मांगों पर सहमति बनने के बाद धरना समाप्त किया गया है।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सुनियोजित हमले का आरोप लगाते हुए पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

CG Dastak की नजर इस पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है। पुलिस की ओर से अगले एक सप्ताह में क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर रहेगी।










