सरगुजा में 14 वर्षीय आदिवासी छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, उपसरपंच के पति गिरफ्तार

0

सरगुजा। CG DASTAK 

अश्लील वीडियो दिखाकर दुष्कर्म, शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी और समझौते के लिए पैसों का लालच देने का आरोप; पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज।

सरगुजा।

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली 14 वर्षीय आदिवासी छात्रा ने गांव की उपसरपंच के पति तरुण जायसवाल पर अश्लील वीडियो दिखाकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा सुबह-शाम उपसरपंच के घर घरेलू काम करती थी और खाना भी बनाती थी। आरोप है कि 20 जुलाई की शाम काम के दौरान आरोपी उसे कमरे में ले गया, मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

परिजनों का आरोप है कि अगले दिन कुछ लोगों को घर भेजकर शिकायत नहीं करने के लिए पैसों का लालच दिया गया और धमकाया भी गया। जब परिवार ने समझौते से इनकार किया, तब करीब 100 ग्रामीणों के साथ कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1) तथा पोक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here