
रायपुर। CG DASTAK
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, लंबे समय से फरार आरोपी को घेराबंदी कर दबोचा
रायपुर। राजधानी रायपुर के मोदहापारा क्षेत्र के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर संजय रक्सेल को पुलिस ने आखिरकार छह साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2020 में थाना खमतराई में संजय रक्सेल के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और उसके खिलाफ अदालत से स्थायी वारंट भी जारी किया गया था।
लंबे समय से लंबित गंभीर मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस उपयुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपयुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान शुरू किया।
टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों, परिचितों और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर की सूचना और लगातार दबिश के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। पुख्ता सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, संजय रक्सेल मोदहापारा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, बलवा, नकबजनी, चोरी, मारपीट, तोड़फोड़, शासकीय कार्य में बाधा, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 24 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से लंबे समय से लंबित कई मामलों की जांच में तेजी आने की उम्मीद है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।










