
रायपुर। CG DASTAK
नीट पेपर लीक और राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में सड़क पर उतरे कांग्रेसी, दिल्ली में हिरासत पर भूपेश बघेल का बड़ा बयान
रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने और नीट पेपर लीक मामले को लेकर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राजधानी रायपुर में मंगलवार रात कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकभवन के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकभवन की ओर बढ़ने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक भी हुई। कुछ समय तक मौके पर तनाव का माहौल बना रहा, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
इधर, दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि पुलिस ने उन्हें अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ हिरासत में लिया।
भूपेश बघेल ने लिखा कि, “प्रधानमंत्री आवास के बाहर से पुलिस ने मुझे और अन्य नेताओं को बस में बैठा लिया है। दिल्ली पुलिस मेरा एक जूता भी ले गई है।”
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। वहीं प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा और कथित अनियमितताओं पर जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक विरोध जारी रहेगा।










