
बलरामपुर CG DASTAK

बलरामपुर के राजपुर वन परिक्षेत्र के रेवतपुर गांव में दर्दनाक घटना, 4 हाथियों का दल इलाके में मौजूद, ग्रामीणों में दहशत
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। देर रात भारी बारिश के बीच ग्राम रेवतपुर (नवापारा) में 4 हाथियों के दल ने अचानक गांव में प्रवेश कर उत्पात मचाया।
जानकारी के अनुसार, एक हाथी ने ग्रामीण बालम साय के घर के पिछले हिस्से को तोड़ना शुरू कर दिया। घर टूटने से घबराए बालम साय अपनी जान बचाने के लिए बाहर भागे, लेकिन इसी दौरान हाथी ने उन्हें कुचल दिया। इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को तात्कालिक आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। साथ ही हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
वन विभाग ने बताया कि 4 हाथियों का दल अभी भी आसपास के इलाके में मौजूद है। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात में घरों से बाहर न निकलने तथा जंगल और हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग हाथियों के आतंक से सहमे हुए हैं। प्रशासन और वन विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।










