
बिलासपुर। CG DASTAK
रतनपुर के नवागांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव (गिरजाबंद) से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नशेड़ी बेटे ने अपने 65 वर्षीय लकवाग्रस्त पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपनी मां की हत्या करने के इरादे से बहन के घर भी पहुंच गया, लेकिन समय रहते पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक रिखी राम सूर्यवंशी (65 वर्ष) लंबे समय से पैरालिसिस से पीड़ित थे और बिस्तर पर ही रहते थे। उनका बेटा शिवचरण सूर्यवंशी नशे का आदी बताया जा रहा है और आए दिन माता-पिता के साथ मारपीट एवं अभद्र व्यवहार करता था।
गुरुवार रात करीब 11 बजे आरोपी नशे की हालत में घर पहुंचा। बेटे के आक्रामक व्यवहार को देखते हुए रिखी राम ने अपनी पत्नी को पास में रहने वाली बेटी के घर भेज दिया। इसके बाद आरोपी ने घर में अकेले मौजूद अपने पिता पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने गुस्से में कहा कि “पड़े-पड़े बड़बड़ाता रहता है…” और डंडे से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से रिखी राम सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई।
पिता की हत्या के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह अपनी मां को मारने के इरादे से बहन के घर पहुंच गया और दरवाजा तोड़ने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।










