
गरियाबंद। CG DASTAK
‘जन चेतना से जन सुरक्षा’ अभियान के तहत विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश

गरियाबंद। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गरियाबंद पुलिस द्वारा ‘जन चेतना से जन सुरक्षा’ अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों में निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना गरियाबंद अंतर्गत स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल गरियाबंद, थाना राजिम क्षेत्र के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुरसाबांधा, थाना फिंगेश्वर अंतर्गत रानी श्याम कुमारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फिंगेश्वर एवं प्राथमिक शाला लालपुर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से परिचित कराना तथा उनमें राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।

प्रतियोगिता में बच्चों ने साइबर सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता जैसे विषयों पर निबंध लिखे, वहीं जल संरक्षण और वन संरक्षण विषय पर चित्रकला के माध्यम से अपने विचारों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा और जागरूकता देखने को मिली। बच्चों ने अपने लेखन और चित्रों के जरिए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
गरियाबंद पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए शिक्षकों एवं अभिभावकों ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनमें सामाजिक और राष्ट्रीय मूल्यों को भी मजबूत करते हैं।










