
रायपुर CG DASTAK
महादेव नेटवर्क से कथित कनेक्शन, बेटिंग ऐप प्रमोशन और वित्तीय लेन-देन की जांच तेज

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए टीवी होस्ट और स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली बग्गा से रायपुर स्थित जोनल कार्यालय में पूछताछ की है। जांच एजेंसी महादेव नेटवर्क से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन और प्रचार गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि शेफाली बग्गा कथित तौर पर विदेश, विशेषकर दुबई और लंदन से संचालित ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के प्रचार-प्रसार से जुड़ी रही हैं। ईडी को कुछ डिजिटल साक्ष्य और प्रमोशनल सामग्री भी मिली है, जिनकी जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, एजेंसी इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या केवल ऐप का प्रचार किया गया था या फिर खिलाड़ियों को बेटिंग से संबंधित टिप्स और अन्य गतिविधियों में भी उनकी भूमिका रही है। इस संबंध में मिले ऑनलाइन कंटेंट और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच जारी है।
जांच एजेंसी के मुताबिक, शेफाली बग्गा के एक टेलीग्राम चैनल की भी जांच की जा रही है। आरोप है कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े प्रचार-प्रसार और कथित टिप्स साझा किए जाते थे। ईडी अब चैनल से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।
ईडी ने महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क से जुड़े कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर के साथ संभावित संबंधों और आर्थिक लेन-देन को भी जांच के दायरे में लिया है। एजेंसी का दावा है कि ठक्कर महादेव नेटवर्क के प्रमुख वित्तीय संचालकों में शामिल रहा है।
फिलहाल ईडी पूरे मामले में डिजिटल साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।










