
रायपुर CG DASTAK
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित आधुनिक रेलवे स्टेशनों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे वर्चुअल उद्घाटन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानंद ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से मुख्यमंत्री को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र सौंपा।
बैठक के दौरान सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों में विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन और स्टेशनों के नए स्वरूप को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ प्रदेश के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे आज अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं और विश्वस्तरीय अधोसंरचना से सुसज्जित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि विकास, व्यापार, पर्यटन और रोजगार का प्रमुख आधार है। रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधुनिक रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी।










