
बिलासपुर CG DASTAK
सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से आरपीएफ ने की कार्रवाई, ट्रैक पर छोड़े गए जेसीबी बकेट से हुई थी दुर्घटना

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल अंतर्गत करगी रोड रेलवे स्टेशन पर 13 जुलाई को हुए मालगाड़ी हादसे में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। हादसे की जांच के दौरान आरपीएफ ने लापरवाही बरतने वाले 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस मामले का मुख्य आरोपी निजी ठेकेदार पवन नायक अभी भी फरार बताया जा रहा है।
आरपीएफ द्वारा सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर की गई जांच में सामने आया कि रेलवे प्लेटफॉर्म पर निर्माण कार्य के दौरान कुछ मजदूर एक भारी-भरकम जेसीबी बकेट को ट्रैक पार करा रहे थे। इसी दौरान अचानक सामने से मालगाड़ी आती दिखाई दी, जिससे घबराकर मजदूर जेसीबी बकेट को रेलवे ट्रैक पर ही छोड़कर मौके से भाग निकले।
ट्रैक पर पड़े भारी उपकरण से टकराने के बाद मालगाड़ी के तीन डिब्बे बेपटरी हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन और आरपीएफ ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से 10 आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, निजी ठेकेदार पवन नायक की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि रेलवे ट्रैक पर किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










