सुकमा में दर्दनाक हादसा: ट्रक ने 18 मवेशियों को कुचला, 14 की मौत, चालक गिरफ्तार

0

14 मवेशियों को ट्रक ने कुचला, चालक गिरफ्तार, भेजा गया जेल

सुकमा। CG DASTAK 

जिले के कोन्टा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 14 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य मवेशी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मडकम वीरा (32 वर्ष), निवासी डोण्ड्रा, थाना कोन्टा, जिला सुकमा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 जुलाई 2026 की रात करीब 1 बजे ट्रक क्रमांक CG 12 AX 4808 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए 18 मवेशियों को कुचल दिया। हादसे में 14 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 मवेशी घायल हो गए।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना कोन्टा में अपराध क्रमांक 19/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 तथा छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 10 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक राजकुमार उरांव, पिता महेश उरांव, निवासी वार्ड क्रमांक 10, फरठिया, थाना गढ़वा, जिला गढ़वा (झारखंड) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ट्रक एवं वाहन संबंधी दस्तावेज जब्त किए गए।

पुलिस ने आरोपी को 11 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here