
6 हजार युवाओं को रोजगार दिलाने वाले बेस्ट कम्प्यूटर की नई पहल
महिला आयोग सदस्य सरला कोशरिया ने कहा— बेटियां आत्मनिर्भर बनें, बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने का संकल्प लें
सरायपाली। क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्यरत बेस्ट कम्प्यूटर ने एक नई पहल करते हुए “रोजगार मेला 2026 जॉब फेयर” के पोस्टर का भव्य विमोचन कराया। संस्थान के संचालक बसंत अग्रवाल ने बताया कि बेस्ट कम्प्यूटर द्वारा अब तक करीब 6 हजार युवाओं को विभिन्न निजी कंपनियों एवं प्रतिष्ठित संस्थानों में रोजगार दिलाने में सहयोग किया जा चुका है। इसी मिशन को और आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष बड़े स्तर पर रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
पोस्टर का विमोचन छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोशरिया, छत्तीसगढ़ मीडिया एसोसिएशन पत्रकार महासंघ के महासमुंद जिलाध्यक्ष छायाकांत भटट्, भाजपा कार्यकर्ता आशीष सेन, पत्रकार शिवा निषाद, धर्मेंद्र ठाकुर एवं बेस्ट कम्प्यूटर के संचालक बसंत अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संस्थान के छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्रीमती सरला कोशरिया ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि आज का युग ज्ञान, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास का है। केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि कौशल विकास भी सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन का लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने विशेष रूप से युवतियों को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में किसी से कम नहीं हैं। शिक्षा, प्रशासन, चिकित्सा, विज्ञान, उद्योग, खेल, पत्रकारिता और तकनीकी क्षेत्र में महिलाएं नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवती को आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लेना चाहिए, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जब एक बेटी आगे बढ़ती है तो पूरा परिवार, समाज और राष्ट्र आगे बढ़ता है।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि किसी भी चुनौती से घबराने की आवश्यकता नहीं है। मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के बल पर हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से सरकारी योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा रोजगार मेलों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
बेस्ट कम्प्यूटर के संचालक बसंत अग्रवाल ने कहा कि संस्थान केवल कम्प्यूटर शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को रोजगार दिलाने की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 6 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में संस्थान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आगामी रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। बेस्ट कम्प्यूटर का लक्ष्य केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि रोजगार दिलाना है। संस्थान द्वारा अब तक लगभग 6 हजार युवाओं को रोजगार से जोड़ने का दावा किया गया है। आगामी “रोजगार मेला 2026 जॉब फेयर” इसी अभियान को और अधिक व्यापक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उक्त अवसर में बेस्ट कम्प्यूटर के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री नीलाम्बर डडसेना एवं समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।










