
कोरिया | CG DASTAK
छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ी और अहम पहल सामने आई है। कोरिया जिले के बैकुंठपुर में वर्षों से अधूरा पड़ा 200 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय भवन अब जल्द ही पूर्ण होगा। राज्य शासन ने मुख्य बजट वर्ष 2025-26 में इस परियोजना को शामिल करते हुए शेष निर्माण कार्य के लिए 22 करोड़ 59 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इससे जिले के हजारों नागरिकों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
वर्षों पुरानी मांग को मिली मंजूरी
बैकुंठपुर में 200 बिस्तरीय जिला अस्पताल का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा था, जिससे जिले के मरीजों को इलाज के लिए अंबिकापुर, बिलासपुर या रायपुर जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। अब बजट में राशि स्वीकृत होने के बाद इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के पूरा होने का रास्ता साफ हो गया है।
स्वास्थ्य मंत्री की पहल से मिली गति
उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल कोरिया जिले से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की स्वास्थ्य जरूरतों से भली-भांति परिचित हैं। उनके नेतृत्व और प्रयासों से ही इस अधूरे अस्पताल भवन को दोबारा प्राथमिकता मिली है। माना जा रहा है कि मंत्री के निर्देश पर ही लंबे समय से लंबित इस प्रोजेक्ट को बजट में शामिल कर वित्तीय स्वीकृति दी गई।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा अस्पताल
200 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय के पूर्ण होने के बाद कोरिया जिले में—
- बेहतर इनडोर और आउटडोर उपचार सुविधा
- आपातकालीन सेवाएं
- आधुनिक जांच और डायग्नोस्टिक सुविधाएं
- विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता
जैसी सुविधाएं सुदृढ़ होंगी। इससे न सिर्फ कोरिया जिला बल्कि आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीजों को भी राहत मिलेगी।
क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर
राज्य शासन के इस फैसले के बाद कोरिया जिले के नागरिकों में खुशी और संतोष का माहौल है। लंबे समय से क्षेत्रवासी इस अस्पताल के पूर्ण होने की मांग कर रहे थे। अब निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने से स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि उन्हें अपने ही जिले में बेहतर और सुलभ इलाज मिल सकेगा।
स्वास्थ्य अधोसंरचना को मिलेगा मजबूती
यह निर्णय छत्तीसगढ़ सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। जिला स्तर पर सुविधाओं के विस्तार से राज्य में रेफरल सिस्टम पर भी दबाव कम होगा और आम नागरिकों को समय पर उपचार मिल पाएगा।
संवाददाता: अशोक कुमार, कोरिया CG DASTAK










