
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में आग से झुलसी युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के करीब 12 दिन बाद 2 फरवरी को युवती ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मामले में मृतका की मां ने तीन युवकों पर साजिश कर आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मर्ग डायरी का इंतजार करते हुए मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, सक्ती के वार्ड क्रमांक 11 निवासी दिशा मरावी 24 जनवरी को शिवम होटल में योगेंद्र साहू नामक युवक से मिलने गई थी। इसी दौरान आग लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद एक युवक उसे सक्ती के बिहान अस्पताल में छोड़कर चला गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान 2 फरवरी को उसकी मौत हो गई।
मृतका की मां मीना मरावी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि योगेंद्र साहू ने साजिश के तहत दिशा पर तारपीन तेल डालकर आग लगा दी। साथ ही उस पर दबाव बनाया गया कि वह घटना को आत्मदाह बताए और यह कहे कि हादसा होटल में नहीं बल्कि पलगड़ा पहाड़ में हुआ है। डर के कारण युवती ने प्रारंभिक बयान में वही बात कही।
शिकायत में महेंद्र साहू और आशीष पटेल के नाम का भी उल्लेख किया गया है। बताया गया है कि आशीष पटेल युवती को कार से अस्पताल लेकर गया था।
मामले में बिलासपुर के तारबहार थाना में शून्य पर एफआईआर दर्ज की गई है और पोस्टमार्टम भी कराया गया है। एसडीओपी भुनेश्वरी पैकरा ने बताया कि सक्ती थाने में शिकायत प्राप्त हुई है और तारबहार थाना से मर्ग डायरी मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










