
रायपुर। CG DASTAK
बिलासपुर के स्पा संचालक से कथित वसूली और धमकी मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। गृह मंत्री ने मीडिया से बातचीत में साफ कहा कि “ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी को तुरंत सस्पेंड कर निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।”
स्टिंग वीडियो और कॉल रिकॉर्डिंग से मचा था हड़कंप
मामला बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक स्पा एंड वेलनेस सेंटर से जुड़ा है। स्पा संचालक ने पूर्व एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल पर डराने-धमकाने और पैसों की मांग करने के गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक (IG) संजीव शुक्ला को लिखित शिकायत सौंपते हुए स्टिंग वीडियो और व्हाट्सएप कॉल रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की थी।
IG ने दिए जांच के आदेश, SSP बनाए गए जांच अधिकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक संजीव शुक्ला ने तत्काल जांच के आदेश दिए थे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बिलासपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच में स्टिंग वीडियो, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
मानसिक दबाव में था शिकायतकर्ता
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पूर्व एडिशनल एसपी द्वारा लगातार दबाव और धमकी के चलते वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। इसी वजह से उसने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने का फैसला किया।
गृह मंत्री का सख्त संदेश
- गृह मंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सर्वोपरि है, और किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या वसूली जैसे आरोप बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। इसी के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।
फिलहाल, पूरे प्रदेश की नजर इस मामले की जांच पर टिकी हुई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।










