
सूरजपुर | CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां अज्ञात कारणों से एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। हैरानी की बात यह है कि गंभीर हालत के बावजूद युवक ने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया, और अगली सुबह उसकी मौत हो गई।
यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के मानपुर गांव का बताया जा रहा है।
🔴 अस्पताल जाने से किया इनकार
मृतक की पत्नी के अनुसार, घटना के बाद जब उसने अपने पति की हालत देखी तो तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की। इस दौरान सास ने भी युवक को इलाज के लिए अस्पताल चलने की समझाइश दी, लेकिन युवक ने किसी भी हालत में अस्पताल जाने से मना कर दिया।
पत्नी के मुताबिक, गंभीर रूप से झुलसने के बावजूद युवक रात में अपने कमरे में जाकर सो गया।
🔴 सुबह मिली मौत की खबर
सुबह जब पत्नी ने अपने पति को जगाने की कोशिश की तो उसका शरीर ठंडा हो चुका था। यह देखते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
🔴 कारण अब भी रहस्य
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ने आत्मदाह जैसा खौफनाक कदम क्यों उठाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
👉 CG DASTAK इस मामले से जुड़ी हर अपडेट पर नजर बनाए हुए है।










