
रायपुर। राजधानी रायपुर के चर्चित हिस्ट्रीशीटर और सूदखोरी के आरोपों से घिरे रोहित तोमर को कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई वर्ष 2019 के एक मामले में अदालत द्वारा जारी स्थायी वारंट के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, रोहित तोमर के खिलाफ कोतवाली थाने में वर्ष 2019 में धारा 327, 384 और 506 के तहत मामला दर्ज था। यह प्रकरण मारपीट, जान से मारने की धमकी और प्रताड़ना से संबंधित था। पेशी में अनुपस्थित रहने के कारण अदालत ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था।
डीसीपी (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा वारंटों की समीक्षा के दौरान मामले को गंभीरता से लेते हुए एसीपी दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई कर रोहित तोमर को गिरफ्तार किया। वारंट की तामीली के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे पुनः जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि रोहित तोमर और उसके भाई वीरेंद्र तोमर के खिलाफ राजधानी में मारपीट, वसूली, दुष्कर्म और हत्या सहित करीब दो दर्जन गंभीर अपराध दर्ज हैं। सूदखोरी की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज किए थे।
पुलिस का कहना है कि शहर में सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों और आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।










