सीएम साय ने लिया तैयारियों का जायजा, पीएम मोदी के स्वागत में सजेगा नया रायपुर

0
27

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत की भव्य तैयारियां रायपुर में जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल और अन्य कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मंच, पार्किंग क्षेत्र, विभागीय डोम, प्रदर्शनी दीर्घा, वीआईपी दीर्घा और आमजन के लिए बनाए गए मार्गों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए। साय ने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की संस्कृति, उपलब्धियों और आत्मविश्वास का उत्सव है, इसलिए इसका आयोजन उत्कृष्टता की नई मिसाल बने।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अक्टूबर की रात रायपुर पहुंचेंगे और 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की रजत जयंती समारोह में शामिल होंगे। पीएम कुल पांच प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल होंगे — सत्य साई अस्पताल में बच्चों से मुलाकात, नए विधानसभा भवन और ट्राइबल म्यूजियम का लोकार्पण, तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था के नए भवन का उद्घाटन। नए विधानसभा भवन के समारोह में पक्ष-विपक्ष के सभी विधायक उपस्थित रहेंगे।

संस्कृति विभाग के प्रमुख विवेक आचार्य ने बताया कि पीएम मोदी के स्वागत में नया रायपुर के 12 चौक-चौराहों पर सांस्कृतिक दल पारंपरिक प्रस्तुतियां देंगे, जो सरगुजा से लेकर बस्तर तक की लोक झलक पेश करेंगे। राज्योत्सव में 1 से 5 नवंबर तक बॉलीवुड कलाकारों की भी प्रस्तुतियां होंगी — पहले दिन हंसराज रघुवंशी, दूसरे दिन भूमि त्रिवेदी, तीसरे दिन आदित्य नारायण, चौथे दिन अंकित तिवारी और अंतिम दिन कैलाश खेर मंच पर होंगे। प्रदेश के 15 से 20 स्थानीय कलाकार भी प्रदर्शन देंगे, जिससे छत्तीसगढ़ का सांस्कृतिक वैभव और निखरकर सामने आएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here