
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मस्तूरी विकासखंड के ग्राम रहटाटोर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक विद्यालय समय में शराब सेवन और मुर्गा पार्टी करते पकड़े गए। नशे में धुत इन शिक्षकों ने बच्चों के साथ गाली-गलौज भी की, जिससे बच्चे भय और अपमान की भावना से भर गए।
मामले के सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रधान पाठक राजेश्वर मरावी और सहायक शिक्षक मनोज कुमार नेताम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 7 अक्टूबर की है, जब विद्यालय में सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान दोनों शिक्षकों ने कार्यालय कक्ष में शराब पी और मुर्गा पार्टी का आयोजन किया। उस समय विद्यालय में 145 बच्चे और महिला रसोइयां भी मौजूद थीं।
घटना के बाद बच्चों ने अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों को पूरी बात बताई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर शिक्षकों को हटाने की मांग की। मामला जिला शिक्षा विभाग तक पहुंचा, जिसके बाद अधिकारी विजय तांडे ने मस्तूरी ब्लॉक के बीईओ को जांच के निर्देश दिए।
जांच समिति ने वीडियो और गवाहों के बयान के आधार पर पुष्टि की कि आरोप सही पाए गए। इसके बाद दोनों शिक्षकों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।










