संकल्प बजट 2026-27: एमसीबी जिले को 388 करोड़ से अधिक की सौगात, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बोले—विकास का मजबूत रोडमैप

0
148

एमसीबी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत संकल्प बजट 2026-27 ने मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के लिए विकास के नए द्वार खोल दिए हैं। बजट के बाद प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे क्षेत्र के समग्र विकास का ठोस खाका बताते हुए कहा कि यह केवल घोषणाओं का बजट नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों के विकास का स्पष्ट रोडमैप है।

उन्होंने बताया कि इस बजट में नगरीय सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, सड़क और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए लगभग ₹388.73 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

चिरमिरी को मिली बड़ी सुविधाएं

नगर निगम चिरमिरी में अग्निशमन व्यवस्था को हाईटेक बनाने के लिए मशीन एवं उपकरण खरीद हेतु ₹500 लाख तथा नए फायर वाहन और संबंधित संसाधनों के लिए ₹950 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

जिला अस्पताल को 200 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में विकसित करने के साथ 129 पदों की मंजूरी दी गई है।
इसके अलावा ऑडिटोरियम निर्माण, गौरव पथ और विभिन्न सड़क सुदृढ़ीकरण कार्यों से शहर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी।

मनेंद्रगढ़ बनेगा हेल्थ और एडमिनिस्ट्रेशन हब

  • मनेंद्रगढ़-केल्हारी-जनकपुर राज्य मार्ग चौड़ीकरण के लिए ₹6000 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
  • हसदेव बैराज, केवई-हसदेव लिंक परियोजना और अन्य सड़क कार्यों से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
  • स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के लिए अतिरिक्त पद, नर्सिंग कॉलेज भवन (₹900 लाख) और भरतपुर CHC को 100 बिस्तरीय अस्पताल में उन्नयन (₹1900 लाख) की मंजूरी दी गई है।
  • साथ ही सेंट्रल लाइब्रेरी, संयुक्त संभागीय कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और अन्य प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

खड़गवां में सड़क और सिंचाई क्रांति

  • खड़गवां क्षेत्र में कई प्रमुख सड़कों और पुलों के निर्माण के लिए सैकड़ों लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
  • देवाड़ांड में हसदेव नदी पर बैराज (₹3000 लाख) सहित विभिन्न जल संसाधन योजनाओं से सिंचाई क्षमता बढ़ेगी।
  • साथ ही देवाड़ांड में नए महाविद्यालय की स्थापना से उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

मंत्री का बयान

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा,
“यह बजट एमसीबी जिले को सुरक्षित, शिक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास’ मंत्र के अनुरूप विकास को जनकल्याण से जोड़ा गया है। आने वाले वर्षों में इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई देंगे।”

यह बजट एमसीबी जिले को स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई पहचान देने वाला माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here