
कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कवर्धा क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में दो महिला सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी महिलाएं व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से खाईवाली कर अवैध सट्टा संचालित कर रही थीं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल और अमित पटेल के मार्गदर्शन में की गई। डीएसपी आशीष शुक्ला और डीएसपी कृष्ण चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी योगेश कश्यप और साइबर थाना प्रभारी महेश प्रधान के नेतृत्व में अलग-अलग टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई में वार्ड क्रमांक 01 शिवाजी कॉलोनी निवासी नंदनी उर्फ नीलू गुप्ता (42 वर्ष) को उसके घर के सामने अंकों पर सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से सट्टा-पट्टी, नगदी रकम और पेन जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
दूसरे मामले में वार्ड क्रमांक 05 दीवारपारा निवासी पूजा बांधेकर (28 वर्ष) को सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ भी पृथक अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाएं अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सट्टा नेटवर्क संचालित कर रही थीं। इनके माध्यम से सट्टा खेलने और खिलाने वाले अन्य लोगों की पहचान भी हुई है, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में सट्टा-जुआ, ऑनलाइन सट्टेबाजी और अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध धंधों में संलिप्त लोगों से तुरंत इसे बंद करने को कहा गया है, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें, उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।










