
जांजगीर-चांपा। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज आत्महत्या का मामला सामने आया है। यहां 12वीं कक्षा की 18 वर्षीय छात्रा ने अपने प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए घर में फांसी लगाकर जान दे दी। इस घटना की जानकारी खुद प्रेमी ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को दी।

जानकारी के अनुसार, लक्षनपुर गांव निवासी रजनी प्रधान के माता-पिता मजदूरी के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इस दौरान छात्रा घर में अकेली थी। दोपहर में जब माता-पिता वापस लौटे तो उन्होंने कमरे में अपनी बेटी का शव पंखे से लटका देखा। घटना की सूचना तुरंत पड़ोसियों और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा ने दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच अपने प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए यह कदम उठाया।
पुलिस ने छात्रा का मोबाइल जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल (सीडीआर) की जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आखिरी समय में वह किन लोगों से संपर्क में थी और आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियां क्या थीं।
ग्रामीणों और पड़ोसियों के अनुसार, छात्रा पढ़ाई में अच्छी थी और उसका व्यवहार सामान्य था। वह किसी प्रकार के तनाव या परेशानी में भी नहीं दिखती थी। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पारिवारिक स्थिति, व्यक्तिगत संबंध, पढ़ाई या परीक्षा से जुड़े तनाव सहित सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।










