विधानसभा में ‘चूहों ने खाया धान’ पर बवाल: विपक्ष का स्थगन प्रस्ताव खारिज, नारेबाजी के बीच कांग्रेस विधायक स्वमेव निलंबित

0
78

रायपुरCG DASTAK
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान धान खरीदी केंद्रों में चूहों द्वारा धान खाने का मामला जोरदार तरीके से सदन में उठा। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष ने स्थगन प्रस्ताव पेश किया, लेकिन आसंदी द्वारा प्रस्ताव को अग्राह्य किए जाने के बाद सदन में जमकर हंगामा देखने को मिला।

 

4600 करोड़ के नुकसान का आरोप

सदन की कार्यवाही के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने धान खरीदी समितियों में चूहों द्वारा धान खाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार के कुप्रबंधन के कारण लगभग 4600 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि धान के सुरक्षित भंडारण में सरकार पूरी तरह विफल रही है।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार धान की सुरक्षा नहीं कर पाई, जिसके कारण भारी नुकसान हुआ। उन्होंने इसे सरकार की गलत नीतियों का परिणाम बताया।

स्थगन प्रस्ताव खारिज, सदन में हंगामा

आसंदी द्वारा स्थगन प्रस्ताव को अग्राह्य किए जाने के बाद विपक्षी सदस्य आक्रोशित हो गए और सदन में जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे के बीच कांग्रेस विधायक गर्भगृह तक पहुंच गए, जिसके कारण वे स्वमेव निलंबित हो गए।

सदन परिसर में भी प्रदर्शन

सदन से बाहर आने के बाद भी कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में नारेबाजी जारी रखी। उन्होंने ‘मुसवा’ (चूहे) के नाम पर सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए सरकार से भ्रष्टाचार बंद करने की मांग की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here