
रायपुर। लोकतंत्र प्रहरी छत्तीसगढ़ की नई टीम गठन को लेकर राजधानी रायपुर में 22 फरवरी 2026 को प्रांतीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों सहित प्रदेश के सभी संभागों और जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने, प्रांतीय अध्यक्ष विशाल राजहंस, पूर्व विधायक पांडे, पतंजलि योगपीठ के योग आयोग अध्यक्ष श्री सिन्हा, श्री जायसवाल सहित 33 जिलों के जिला अध्यक्ष और पांचों संभागों के संभाग अध्यक्ष उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन विस्तार और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में संगठन की जिम्मेदारियों का विस्तार करते हुए सरगुजा संभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अनिरुद्ध प्रजापति को सौंपी गई। संगठन पदाधिकारियों ने उनसे संभाग में संगठन को मजबूत करने और सामाजिक कार्यों को गति देने की अपेक्षा जताई।

लोकतंत्र प्रहरी छत्तीसगढ़ लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर कार्य कर रहा है। संगठन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सेनानी परिवारों की पहचान कर उनकी समस्याओं को समझना, उनके त्याग और बलिदान को समाज तक पहुंचाना तथा समाज हित में कार्य करने वाले लोगों का सम्मान करना है।
इसके अलावा संगठन समाज में हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाने, पीड़ितों की सहायता करने और सामाजिक न्याय के लिए कार्य करने को अपनी प्राथमिकता मानता है। बैठक में पदाधिकारियों ने प्रदेशभर में संगठन को सक्रिय करते हुए जनहित के मुद्दों पर मजबूती से कार्य करने का संकल्प लिया।










