
रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लालपुर क्षेत्र में शासकीय भूमि पर बने अवैध निर्माणों को हटाना शुरू कर दिया है। प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर सरकारी जमीन पर संचालित दुकानों और बहुमंजिला भवन को ध्वस्त किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, लालपुर में शासकीय भूमि पर करीब 9 से 10 निजी दुकानें और एक बहुमंजिला इमारत बनाई गई थी, जिसमें पीजी भी संचालित हो रहा था। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम ने जांच की, जिसमें निर्माण को अवैध पाया गया। इसके बाद कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।

कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर नगर निगम का उड़नदस्ता दल और सभी 10 जोन की गाड़ियां मौजूद हैं। निगम की टीम द्वारा भवन को पहले खाली कराया गया। दुकानदारों और पीजी में रहने वाले लोगों को पूर्व में नोटिस देकर स्थान खाली करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद बुलडोजर से अवैध हिस्सों को तोड़ा जा रहा है।
71 कमरे और व्यावसायिक परिसर पर कार्रवाई
नायब तहसीलदार ज्योति सिंह ने बताया कि यह मामला लंबे समय से लंबित था। मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि सामने करीब 10 से अधिक दुकानें और पीछे लगभग 71 कमरे बनाए गए थे, जो पूरी तरह शासकीय भूमि पर निर्मित थे। सभी अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है।

अतिक्रमण के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में जहां भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा मिलेगा, वहां इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। जहां कुछ लोगों ने इसे सही कदम बताया, वहीं प्रभावित लोगों ने प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है










