
रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत मैग्नेटो मॉल के पीछे स्थित सिग्नेचर होम्स परिसर में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खुबलाल यादव, निवासी ग्राम ठठापुर (रामपुर), जिला कवर्धा के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, खुबलाल यादव सिग्नेचर होम्स में विपिन अग्रवाल के यहां इलेक्ट्रिशियन का काम करता था और अपने परिवार के साथ वहीं परिसर में रहता था। मृतक की पत्नी ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 7 बजे उसने खाना बनाने के लिए कहा था, लेकिन वह घर नहीं लौटा। पत्नी के अनुसार, वह कई बार रात में बंगलो के गार्ड रूम में ही सो जाया करता था।
शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे जब पत्नी गार्ड रूम पहुंची और दरवाजा खोला, तो खुबलाल यादव जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। उसका शरीर अकड़ा हुआ था और गले पर रस्सी का निशान दिखाई दे रहा था। हालांकि गले में रस्सी नहीं थी, जबकि एक रस्सी पंखे से लटकी हुई मिली।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक की पत्नी ने मालिक के घर जाकर सूचना दी। बताया जा रहा है कि स्टाफ के माध्यम से उसे बिना पुलिस को सूचना दिए पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बिना उपचार के मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।










