रायपुर में 2 माह का ट्रैफिक एक्शन प्लान: प्रमुख सड़कें नो-वेंडर और पार्किंग फ्री, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

0
29

रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट और नगर निगम ने संयुक्त रूप से 2 माह की विशेष कार्ययोजना तैयार की है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप के निर्देशन में इस योजना को लागू किया जाएगा।

पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक में शहर के तीनों जोन के पुलिस उपायुक्त और ट्रैफिक अधिकारियों की मौजूदगी में निर्णय लिया गया कि शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर यातायात दबाव कम करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

योजना के तहत प्रमुख सड़कों को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। ठेले-खोमचे हटाए जाएंगे और मुख्य मार्गों को नो-वेंडर जोन घोषित किया जाएगा। साथ ही, सभी प्रमुख चौक-चौराहों से 50-50 मीटर के दायरे में नो-पार्किंग और नो-वेंडिंग नियम सख्ती से लागू रहेगा।

रिंग रोड नंबर-1 में टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक सर्विस रोड पर खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा चालानी कार्रवाई के साथ जरूरत पड़ने पर क्रेन और टोइंग की भी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा प्रमुख मार्गों पर रोड मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएगी, जबकि ऑटोमैटिक सिग्नल वाले चौराहों पर लेफ्ट टर्न को फ्री रखने के लिए कंक्रीट ब्लॉक लगाए जाएंगे। बाजार क्षेत्रों के ठेले-खोमचे हटाकर उनके लिए अलग वेण्डर जोन भी निर्धारित किए जाएंगे।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि मुख्य सड़कों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा और पुलिस के साथ समन्वय कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here