
रायपुर। राजधानी में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब उन्होंने पुलिस लाइन के क्वार्टर को भी निशाना बना लिया है। जिस आवास में पुलिसकर्मी अपने परिवार के साथ रहते हैं, वहीं दिनदहाड़े चोरी की वारदात ने सभी को चौंका दिया है।
घटना तीसरे माले के फ्लैट में हुई, जिससे पुलिस परिवारों में दहशत का माहौल है। रिपोर्ट जवान गणेश कुमार ध्रुव ने दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक चोरी 25 अक्टूबर की सुबह 9:15 से दोपहर 12:30 बजे के बीच हुई। चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी में रखे 30 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात ले गए।
कोतवाली पुलिस ने करीब 80 हजार रुपये की चोरी का मामला दर्ज किया है। चोरों ने धमतरी गेट के सामने पुलिस लाइन के H-3 ब्लॉक टॉवर के फ्लैट को निशाना बनाया।
गौरतलब है कि रायपुर में हर हफ्ते औसतन 10 से 12 घरों में चोरी की शिकायतें दर्ज हो रही हैं, जो शहर में बढ़ते चोरी के मामलों की गंभीर स्थिति को दर्शाती हैं।










