
रायपुर। राजधानी में जमीन विवाद को लेकर अपहरण और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 2 लाख रुपये के लेनदेन के विवाद में आरोपियों ने पीड़ितों का हथियार के बल पर अपहरण कर लिया और उन्हें झोपड़ी में बंधक बनाकर मारपीट की।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने करबला तालाब के पास से पीड़ितों का अपहरण किया और उन्हें एक झोपड़ी में ले जाकर जमीन के दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर करवाए। इस दौरान नगद राशि, बैंक दस्तावेज, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी लूट ली गई।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने लगातार दबिश और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए अपहरण में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
- कामरान अब्बास (29 वर्ष), शिव नगर हाण्डीपारा
- नवीन उर्फ नन्नू ढीमर (19 वर्ष), रामकुण्ड
- लक्की निषाद उर्फ छोटा चिकन (19 वर्ष), रामकुण्ड
- राकेश धीवर (24 वर्ष), रामकुण्ड
- अनिल धीवर (30 वर्ष), रामकुण्ड
- हरिओम सोनकर (47 वर्ष), रामकुण्ड
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,500 रुपये नगद, 2 पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
आरोपियों के खिलाफ आजाद चौक थाना में अपराध क्रमांक 42/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।










